नगर पालिक निगम कोरबा में सत्ता परिवर्तन के बाद पहली सामान्य सभा की बैठक 27 मार्च को सुबह 11:00 बजे पं. जवाहरलाल नेहरू सभागार में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में महापौर संजू देवी अपना बजट पेश करेंगी, साथ ही एमआईसी (महापौर परिषद) द्वारा स्वीकृत एजेंडा पर चर्चा होगी। नगर निगम में भाजपा के पूर्ण बहुमत के कारण किसी भी प्रस्ताव को पास कराना सत्ता पक्ष के लिए आसान माना जा रहा है।
सत्ता परिवर्तन के बाद निगम के कामकाज में बदलाव- सत्ता परिवर्तन के बाद नगर निगम के कामकाज में पारदर्शिता और सुचारू प्रशासन के संकेत मिलने लगे हैं। सबसे बड़ा बदलाव यह है कि सभापति नूतनसिंह ठाकुर ने सामान्य सभा की बैठक में मीडिया को प्रवेश की अनुमति दे दी है। इससे पहले, कांग्रेस के पिछले दो कार्यकाल में मीडिया के लिए सामान्य सभा की कार्यवाही पर प्रतिबंध था, जबकि कानूनी रूप से मीडिया को लोकसभा और विधानसभा की कार्यवाही देखने की अनुमति प्राप्त है।
जनता को भी मिलेगा कार्यवाही देखने का अवसर- सभापति के रूप में अधिवक्ता नूतनसिंह ठाकुर के नेतृत्व में नगर निगम में पारदर्शिता और कसावट की उम्मीद की जा रही है। पहली बार आम जनता को भी सामान्य सभा की कार्यवाही देखने की अनुमति दी गई है। दर्शक दीर्घा की क्षमता के अनुसार करीब 100 लोगों को अपने जनप्रतिनिधियों के कामकाज को देखने का अवसर मिलेगा। विभिन्न समाज प्रमुखों और प्रतिष्ठित नागरिकों को भी बैठक में शामिल होने का अवसर दिया जाएगा।
प्रवेश के लिए पास अनिवार्य– पत्रकारों को सभागार में प्रवेश के लिए पास दिया जाएगा, जबकि आम जनता को प्रथम मंजिल स्थित दर्शक दीर्घा में बैठने की अनुमति होगी। प्रवेश के लिए सामान्य सभा शुरू होने से एक घंटा पहले सभागार से अनुमति लेनी होगी। नगर निगम की इस ऐतिहासिक बैठक में जनता और मीडिया की भागीदारी से नगर निगम के कामकाज में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ने की उम्मीद है।