पेरिस। फ्रांस की तीन दिनों की यात्रा के अंतिम दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने उड़ते विमान में भी बातचीत की है। भारतीय विदेश सचिव ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा है कि भारत-फ्रांस संबंधों ने पूरी तरह से नई ऊंचाइयों को छू लिया है। मिसरी के मुताबिक, मोदी और मैक्रों ने ‘आपसी रणनीतिक साझेदारी, वैश्विक मामले, आतंकवाद, यूरोप, पश्चिम एशिया तथा हिंद-प्रशांत क्षेत्र के भू-राजनीतिक घटनाक्रम पर विचारों का आदान-प्रदान किया है।
यात्रा समाप्ति से पहले एक संयुक्त बयान में दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी के लिए अपने साझा दृष्टिकोण की पुष्टि की। दोनों नेताओं ने अपने द्विपक्षीय सहयोग में हुई प्रगति की सराहना की और इसे और आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता भी जताई। संयुक्त वक्तव्य में कहा गया है कि द्विपक्षीय वार्ता के दौरान दोनों नेताओं ने हिंद-प्रशांत और रूस-यूक्रेन युद्ध सहित कई विवादास्पद विषयों पर चर्चा की। उन्होंने रक्षा, परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों में रणनीतिक साझेदारी और सहयोग पर भी चर्चा की। उन्होंने प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में सहयोग पर भी चर्चा की।
इधर, भारत सरकार ने भी इस अहम दौरे पर एक बयान जारी किया है। इसमें कहा गया है, “बातचीत में भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी के सभी पहलुओं पर चर्चा की गई। दोनों नेताओं ने रक्षा, असैन्य परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष के रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की। उन्होंने प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने के तरीकों पर भी चर्चा की। साझेदारी का यह क्षेत्र हाल ही में संपन्न एआई एक्शन समिट और 2026 में आगामी भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष की पृष्ठभूमि में अधिक महत्व रखता है। नेताओं ने व्यापार और निवेश संबंधों को बढ़ाने का भी आह्वान किया और इस संबंध में 14वें भारत-फ्रांस सीईओ फोरम की रिपोर्ट का स्वागत किया।”
बता दें कि मंगलवार को पीएम मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति के साथ उनके विमान में पेरिस से मार्सिले तक एक साथ यात्रा की थी। इस दौरान दोनों नेताओं ने इंडो-पैसिफिक और वैश्विक मंचों और पहलों में भागीदारी को और गहरा करने की प्रतिबद्धता जताई। बुधवार को पीएम मोदी ने राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ मारसेई शहर के ऐतिहासिक माजारग्वेज युद्ध कब्रिस्तान का दौरा किया और प्रथम विश्व युद्ध में बलिदान देने वाले भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। प्रधानमंत्री मोदी ने तिरंगे के रंग वाले फूलों से निर्मित पुष्पचक्र अर्पित किया। मैक्रों ने भी भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि दी।