धान खरीदी बंद बताकर उपार्जन केंद्रों में नहीं काटा जा रहा टोकन

dichaspi@nimble
2 Min Read

सूरजपुर।( दिलचस्पी न्यूज) छत्तीसगढ़ शासन द्वारा धान खरीदी की अंतिम तिथि 31 जनवरी रखी गई है, लेकिन 24 जनवरी से ही धान खरीदी का विकल्प कम्प्यूटर सिस्टम से हटा दिया गया है। इससे जिले के कई किसान धान विक्रय करने से वंचित हो गये हैं। 24 जनवरी को ही कई किसान टोकन कटाने व कई डेट संशोधन कराने पहुंचे तो उन्हें धान खरीदी बंद बताकर उपार्जन केंद्र से लौटा दिया गया। इससे किसानों में नाराजगी व मायूसी देखी जा रही है।

टोकन कटाने पहुंचे किसानों ने बताया कि उन्हें इस बात की जानकारी थी कि 24 जनवरी तक खरीदी केंद्रों में धान विक्रय का टोकन काटा जाएगा और 31 जनवरी तक धान खरीदी जाएगी। लेकिन वे जब 24 जनवरी को टोकन कटवाने खरीदी केंद्र पहुंचे तो उन्हें यह कहकर वापस कर दिया गया कि धान खरीदी बंद हो चुकी है अब टोकन नही कटेगा।
वहीं कुछ किसान ऐसे भी हैं जिनका टोकन तो कटा था परंतु किन्हीं कारणों से वे धान नही विक्रय नही कर पाए थे, उन्हें अपने टोकन को संशोधित कराना था, लेकिन ऑनलाइन में धान खरीदी का विकल्प बंद होने से उनका टोकन भी संशोधित नही हो सका है।
ऐसे में किसान परेशान हैं। उनका कहना है कि जब शासन द्वारा धान खरीदी की अंतिम तारीख 31 जनवरी रखी गई है तो समय से पहले खरीदी क्यों बंद की गई।

खाद्य अधिकारी संदीप भगत ने बताया कि जिले में 24 जनवरी तक का टोकन जारी हो चुका है। शेष किसानों की जानकारी सभी समिति प्रभारियों को सूची संधारित करने हेतु निर्देशित किया गया है। कोई भी किसान धान विक्रय से वंचित नही होंगे। समितियों से सूची प्राप्त कर पात्र किसानों की धान की खरीदी शासन से प्राप्त निर्देशानुसार की जाएगी।

Share This Article