New Delhi. दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 22 सीटों पर जीत दर्ज की है। पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने इन सभी विधायकों के साथ रविवार को बैठक की। बैठक के बाद आतिशी ने बताया कि केजरीवाल ने सभी नवनिर्वाचित विधायकों से अपनी-अपनी विधानसभा में जनता के काम करने के लिए कहा है। इसी के साथ उन्होंने सभी विधायकों से ये सुनिश्चित करने के लिए कहा है कि भाजपा ने जो वादे किए हैं वह उन्हें पूरे करे।
केजरीवाल से मुलाकात के बाद आतिशी ने भाजपा को हर महिला को ढाई हजार रुपए देने के उनके वादे को याद दिलाते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी सुनिश्चित करेगी कि भाजपा जनता से किए गए अपने सारे वादे निभाए।
New Delhi. आतिशी ने कहा, आम आदमी पार्टी रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभायेगी और सुनिश्चित करेगी कि भाजपा महिलाओं को 2,500 रुपये दे, मुफ्त बिजली दे और दिल्ली के लोगों के लिए अन्य सुविधाओं को जारी रखे। वहीं एक अन्य विधायक ने कहा, अरविंद केजरीवाल ने हमसे मुलाकात की। बैठक में सभी विधायक मौजूद थे। यह हमारा कर्तव्य है कि दिल्ली में जो भी काम चल रहा है वह रुकना नहीं चाहिए और जो वादे भाजपा ने किए हैं वह पूरे हों। उन्होंने कहा, केजरीवाल ने हमेंं इसी बारे में निर्देश दिए हैं।
किराड़ी से जीते आम आदमी पार्टी उम्मीदवार अनिल झा ने कहा, हम एक सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएंगे। कुछ बीजेपी नेताओं ने कहा है कि वे 5-7 महीने में यमुना नदी को साफ करेंगे और फिर नदी में डुबकी लगाएंगे। हम भी उनका समर्थन करेंगे ताकि वे यमुना नदी में डुबकी लगा सकें। बीजेपी केंद्र, हरियाणा, यूपी में सत्ता में है। इसलिए अब उन्हें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि वे 5-7 महीने में यमुना नदी को साफ करें।
आतिशी ने उपराज्यपाल को सौंपा इस्तीफा
दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) की करारी हार के एक दिन बाद रविवार को उपराज्यपाल वी के सक्सेना को अपना इस्तीफा सौंप दिया।
अधिकारियों ने बताया कि आतिशी ने राज निवास में सक्सेना को अपना इस्तीफा सौंपा। आम आदमी पार्टी को भले ही विधानसभा चुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ा लेकिन आतिशी अपनी कालकाजी सीट बचाने में सफल रहीं।