श्रममंत्री लखनलाल देवांगन को प्रदेश भाजपा ने शो-काज नोटिस क्यों दिया? 

जगदीश पूरी
3 Min Read

 भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष और राज्य के श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन को अनुशासनहीनता के लिए प्रदेश भाजपा ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

पार्टी की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि नगरपालिक निगम कोरबा में सभापति निर्वाचन प्रक्रिया सम्पन्न होने के पश्चात आपके द्वारा मीडिया में जो बयान दिया गया है, वो अनुशासन भंग करने की परिधि में आता है। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के निर्देशानुसार आप अपना पक्ष 48 घंटे के अंदर प्रस्तुत करें।

गत 8 मार्च को नगर पालिका निगम कोरबा के सभापति का चुनाव सम्पन्न हुआ था। नगर निगम के 67 में 45 पार्षद भारतीय जनता पार्टी के थे। इसके बाद भी पार्टी के एक पार्षद नूतन सिंह राजपूत ने बगावत कर सभापति पद का चुनाव लड़ा और 33 वोट हासिल कर चुनाव जीत लिया

इस पूरी चुनाव प्रक्रिया के दौरान पार्टी के पर्यवेक्षक एवं विधायक पुरंदर मिश्रा, प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष और राज्य के श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन, भाजपा के प्रदेश मंत्री विकास महतो, महापौर संजीदेवी राजपूत, पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष तथा पार्टी की प्रदेश के विशेष आमंत्रित सदस्य अशोक चावलानी उपस्थित थे। पार्टी के पार्षदों ने इन्हें बताकर, इन सबके सामने बगावत की। यही नहीं, वे अपना सभापति प्रत्याशी खड़ा कर उसे चुनकर भी ले आए। पार्टी में हुई इस अभूतपूर्व बगावत से अपनी रीति नीति और अनुशासन के लिए विशेष पहचान रखने वाली पार्टी को शर्मसार होना पड़ा। इस शर्मनाक स्थिति के बाद भी लखनलाल देवांगन ने चुनाव परिणाम को हंसते हुए स्वीकार कर लिया 

क्या कहा था लखनलाल देवांगन 

मंत्री देवांगन ने कहा था कि नूतन सिंह ठाकुर ने नगर पालिक निगम कोरबा के सभापति चुनाव में विजय हासिल की है। इस जीत पर मैं उन्हें बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा था कि हितानंद अग्रवाल पार्टी के घोषित प्रत्याशी थे, लेकिन सभी निर्वाचित पार्षदों ने एकजुट होकर सर्व सम्मति से नूतन सिंह ठाकुर की जीत सुनिश्चित की है। यह निर्णय सभी को मान्य है।

 यह भी कहा था कि निश्चित तौर पर अब नगर निगम में महापौर और सभापति दोनों पदों पर बीजेपी का कब्जा हो गया है, जिससे कोरबा के विकास को और गति मिलेगी। मंत्री देवांगन ने नवनिर्वाचित सभापति और महापौर को शुभकामनाएं देते हुए कहा था कि वे कोरबा के समग्र विकास के लिए मिलकर कार्य करेंगे।

Share This Article