वॉशिंगटन। दूसरी बार अमेरिका का राष्ट्रपति बनने के बाद अपने पहले संबोधन में डोनाल्ड ट्रंप ने इस बात के मजबूत संकेत दिए थे कि वह रूस-यूक्रेन युद्ध को रोकने के लिए अहम कदम उठा सकते हैं। उन्होंने दुनियाभर में शांति दूत के रूप में खुद को स्थापित करने की इच्छा भी जताई थी। तभी से ये कयास लगाए जा रहे थे कि ट्रंप रूस और यूक्रेन को युद्ध रोकने के लिए राजी करा सकते हैं। हाल ही में ट्रंप ने अपने विशेष दूत स्टीव विटकॉफ को पहली यात्रा पर मॉस्को भेजा था। उनकी इस यात्रा के बाद रूस ने अमेरिका के साथ रिश्तों में गर्मजोशी दिखाते हुए ड्रग तस्कारी के आरोप में 2021 से कैद अमेरिकी नागरिक मार्क फोगेल को रिहा कर दिया।
फोगेल रिहा होकर मंगलवार की रात ट्रंप से मिलने व्हाइट हाउस पहुंचे थे। इस रिहाई से ट्रंप काफी खुश दिखे। एक चुनावी रैली के दौरान ट्रंप ने फोगेल की 95 वर्षीय मां से वादा किया था कि वह उनके बेटे को आजाद कराकर रहेंगे। ट्रंप ने संवाददाताओं से कहा कि रूस ने हमारे साथ बहुत अच्छा व्यवहार किया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि एक और अमेरिकी नागरिक को रूस बुधवार को छोड़ने वाला है। हालांकि, उन्होंने इसका विवरण नहीं दिया। ट्रंप ने कहा, “मैं आशा करता हूं कि यह एक ऐसे रिश्ते की शुरुआत है, जहां हम युद्ध को समाप्त कर सकते हैं।”