छत्तीसगढ़ में चार नए उप पंजीयक कार्यालयों की मंजूरी, नागरिकों को मिलेगी बड़ी राहत

Ghansi Giri
2 Min Read

 

रायपुर,- छत्तीसगढ़ सरकार ने आम नागरिकों को रजिस्ट्री एवं पंजीयन से जुड़ी सेवाएं सरल, सुलभ और समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक अहम निर्णय लिया है। सरकार ने धमतरी जिले के भखारा, बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के तहसील मुख्यालय लवन, और बिलासपुर जिले के सकरी और राजकिशोर नगर में चार नए उप पंजीयक कार्यालय खोलने के लिए प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है ।

इन नए उप पंजीयक कार्यालयों के खुलने से संबंधित क्षेत्रों के नागरिकों को रजिस्ट्री एवं पंजीयन कार्यों के लिए दूर स्थित जिला मुख्यालयों तक नहीं जाना पड़ेगा। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी, भीड़ में कमी आएगी और पंजीयन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी एवं सुगम बनेगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने की भी संभावना है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि शासन की सेवाएं आम नागरिकों तक उनके निकटतम स्तर पर उपलब्ध हों। नए उप पंजीयक कार्यालयों की स्वीकृति से लोगों को पंजीयन संबंधी कार्यों में बड़ी राहत मिलेगी ।

वित्त एवं वाणिज्य कर पंजीयन मंत्री ओ.पी. चौधरी ने बताया कि सरकार नागरिक सुविधाओं के विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि पंजीयन विभाग द्वारा ऑटो डीड जनरेशन, आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन, घर बैठे रजिस्ट्री, स्वतः नामांतरण, कैशलेस भुगतान और डिजिलॉकर एकीकरण जैसे 10 नवाचार लागू किए गए हैं, जिनका लाभ अब इन क्षेत्रों के लोगों को भी मिलेगा ।

 

Share This Article