सट्टा खेलने एवं खिलाने वालों के विरुद्ध सक्ती पुलिस की प्रभावी कार्यवाही
सट्टा में प्रयुक्त 02 नग मोबाइल फोन, कुल कीमत ₹16,000/- जप्त
शक्ति:-श्रीमान पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल कुमार ठाकुर (भा.पु.से.) द्वारा जिले में अवैध जुआ, सट्टा एवं नशीले पदार्थों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सट्टा खेलने एवं खिलाने वाले व्यक्तियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखते हुए ऐसे तत्वों का परेड लेकर उनकी गतिविधियों की जानकारी संकलित करने तथा उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उक्त निर्देशों के परिपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पंकज पटेल (रा.पु.से.) एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सक्ती डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में थाना सक्ती पुलिस द्वारा मुखबिर तंत्र सक्रिय कर अवैध जुआ एवं सट्टा गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जा रही है।
इसी क्रम में दिनांक 19.08.2026 को थाना सक्ती पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि बुधवारी बाजार पानी टंकी के पास समीर खान नामक व्यक्ति मोबाइल व्हाट्सएप के माध्यम से सट्टा के अंक लिखवाकर लोगों से रुपये-पैसों की हार-जीत का दांव लगवाते हुए सट्टा खिला रहा है।
सूचना पर थाना सक्ती पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की गई। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे समीर खान को पुलिस स्टाफ द्वारा घेराबंदी कर पकड़ा गया। उसके कब्जे से रेडमी नोट कंपनी का 01 नग मोबाइल फोन, अनुमानित कीमत ₹7,000/-, बरामद किया गया।
मोबाइल फोन की जांच करने पर व्हाट्सएप चैट में सुरेश अग्रवाल के मोबाइल नंबर पर सट्टा के अंक लिखकर “कल्याण” में लगाने संबंधी बातचीत पाई गई। सट्टा खिलाने के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने हेतु नोटिस दिए जाने पर आरोपी द्वारा कोई वैध दस्तावेज नहीं होना लिखित में स्वीकार किया गया। पूछताछ एवं मेमोरण्डम में आरोपी द्वारा अपने मोबाइल में संबंधित मोबाइल नंबर को “सुरेश खान/सुरेश अग्रवाल” के नाम से सुरक्षित कर व्हाट्सएप के माध्यम से सट्टा के अंक लिखवाकर सट्टा खिलाने की जानकारी दी गई।
इसके पश्चात पुलिस टीम द्वारा सुरेश चंद अग्रवाल की तलाश कर घेराबंदी कर उसे पकड़ा गया। उसके कब्जे से रियलमी कंपनी का 01 नग मोबाइल फोन बरामद किया गया। मोबाइल की जांच करने पर व्हाट्सएप में समीर खान के मोबाइल नंबर को सुरक्षित कर उसके माध्यम से सट्टा के अंक लिखकर “कल्याण” में लगाने संबंधी बातचीत पाई गई।
प्रकरण में दोनों आरोपियों के कब्जे से सट्टा गतिविधि में प्रयुक्त 02 नग मोबाइल फोन, कुल कीमत ₹16,000/- जप्त किए गए। आरोपियों का कृत्य धारा 6, 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 के अंतर्गत पाए जाने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
1. समीर खान
पिता – अब्दुल गफ्फार खान, उम्र – 32 वर्ष
निवासी – वार्ड क्रमांक 03, राजापारा, सक्ती, थाना सक्ती, जिला सक्ती (छ.ग.)
2. सुरेश चंद अग्रवाल
पिता – रामकरण अग्रवाल, उम्र – 66 वर्ष
निवासी – वार्ड क्रमांक 09, अखराभाठा रोड, सक्ती, थाना सक्ती, जिला सक्ती (छ.ग.)
सट्टा एवं जुआ के विरुद्ध सक्ती पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी
पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल कुमार ठाकुर (भा.पु.से.) द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जिले में किसी भी प्रकार के जुआ, सट्टा एवं ऑनलाइन सट्टा कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सट्टा खेलने एवं खिलाने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनका परेड लेकर गतिविधियों की जानकारी संकलित की जा रही है तथा ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सक्ती पुलिस द्वारा आम नागरिकों से अपील की जाती है कि वे जुआ, सट्टा एवं ऑनलाइन सट्टे के अवैध कारोबार से दूर रहें तथा ऐसी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
































